ग्रेटर नोएडा : निर्माणाधीन हॉस्टल में फावड़े से दो मालियों की हत्या, आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार - AZAD NEWS

ADMIN
0

ग्रेटर नोएडा : ज्ञान पार्क कोतवाली क्षेत्र के सीताराम एसआरएम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मालियों की निर्मम हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मेरठ निवासी अभिषेक की पहचान हुई है। एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही अभिषेक की तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं। देर रात उसे इलाके में देखे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल अवस्था में गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

सनसनीखेज खुलासा
पूछताछ में अभिषेक ने चौंकाने वाला बयान दिया। उसने बताया कि घटना वाली रात वह दोनों मृतकों इंद्र और शीशपाल के साथ निर्माणाधीन हॉस्टल में शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपी से मजाक करने लगे। अभिषेक ने कहा कि उसे मजाक बिल्कुल पसंद नहीं है और शराब के नशे में उसने आपा खो दिया। गुस्से की आग में उसने पास पड़े फावड़े से पहले इंद्र के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे इंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
पहली हत्या के बाद अभिषेक को डर सताने लगा कि शीशपाल इस घटना की जानकारी पुलिस या अन्य लोगों को बता देगा। इसी आशंका में उसने शीशपाल के सिर पर भी फावड़े से लगातार वार करके उसकी हत्या कर दी।

4 घंटे तक शराब पीता रहा मौके पर
दोहरी हत्या करने के बाद भी आरोपी मौके से भागा नहीं। वह करीब चार घंटे तक वहीं बैठा शराब पीता रहा। सुबह होने पर उसने शौच जाने का बहाना बनाया और हॉस्टल में तैनात सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
एक टिप्पणी भेजें (0)
ads
ads
ads

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top